हल्द्वानी गैस गोदाम रोड पर फर्नीचर की दुकान में भीषण आग, दमकल की तत्परता से टला बड़ा हादसा

हल्द्वानी गैस गोदाम रोड पर फर्नीचर की दुकान में भीषण आग, दमकल की तत्परता से टला बड़ा हादसा

 

हल्द्वानी। गैस गोदाम रोड पर सोमवार शाम एक फर्नीचर की दुकान में अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते टिन शेड से बनी पूरी दुकान लपटों की चपेट में आ गई। आग की ऊंची लपटें और उठता धुआं देखकर आसपास के दुकानदारों एवं स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया।

 

घटना की सूचना मिलते ही मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) गौरव किरार टीम के साथ मौके पर पहुंचे। आग की स्थिति को देखते हुए हल्द्वानी फायर स्टेशन के साथ रामलीला मैदान ऊंचापुल में तैनात दमकल यूनिट समेत अन्य अग्निशमन वाहनों को भी घटनास्थल पर भेजा गया।

 

तीन दमकल वाहनों ने संभाला मोर्चा

 

दमकल कर्मियों ने तत्काल कार्रवाई शुरू करते हुए आग पर काबू पाने का अभियान चलाया। मौके पर मौजूद फायर हाइड्रेंट से पानी की आपूर्ति भी शुरू कराई गई। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया।

 

फायर ब्रिगेड की तत्परता और बेहतर समन्वय के चलते आग को आसपास की दुकानों और मकानों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

 

जनहानि की सूचना नहीं

 

राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। हालांकि फर्नीचर की दुकान में रखा सामान आग की चपेट में आने से नुकसान हुआ है। फिलहाल नुकसान का वास्तविक आकलन नहीं हो सका है।

 

आग लगने के कारणों की जांच जारी

 

अग्निशमन विभाग की ओर से आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने की वजह और दुकान में हुए कुल आर्थिक नुकसान की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।