ऑपरेशन प्रहार का दिखा बड़ा असर, नैनीताल पुलिस ने 15 और वारंटियों को किया गिरफ्तार
नैनीताल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के सख्त निर्देशों के तहत नैनीताल पुलिस द्वारा फरार एवं लंबे समय से लंबित वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अभियान के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों से 15 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। इसके साथ ही अब तक जिले में कुल 33 वारंटियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है।
पुलिस के अनुसार, एसएसपी नैनीताल ने सभी क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को न्यायालयों से जारी वारंटों की शत-प्रतिशत तामील सुनिश्चित करने तथा फरार वारंटियों की अधिक से अधिक गिरफ्तारी के लिए सख्त निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन कर अभियान चलाया गया।
हल्द्वानी कोतवाली पुलिस ने 5 वारंटियों को गिरफ्तार किया। पुलिस टीम ने एनआई एक्ट एवं आबकारी अधिनियम से संबंधित मामलों में न्यायालय से जारी वारंटों की तामील करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया।
लालकुआं कोतवाली पुलिस ने 6 वारंटियों को गिरफ्तार किया। पुलिस टीमों ने एनआई एक्ट, आबकारी अधिनियम एवं भारतीय दंड विधान से संबंधित मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे वारंटियों को पकड़ा।
मुखानी थाना पुलिस ने 3 वारंटियों को गिरफ्तार कर प्रभावी कार्रवाई की।
वहीं कालाढूंगी थाना पुलिस ने न्यायालय से जारी वारंट की तामील करते हुए धारा 138 एनआई एक्ट के एक वारंटी कुमुद कुमार आर्या (36 वर्ष) को गिरफ्तार किया।
नैनीताल पुलिस के अनुसार, विभिन्न थाना क्षेत्रों में गठित पुलिस टीमों द्वारा समन्वित रूप से कार्रवाई करते हुए वारंटियों की गिरफ्तारी की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन प्रहार आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि न्यायालय से जारी वारंटों की शत-प्रतिशत तामील सुनिश्चित की जा सके और लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
