श्रमजीवी पत्रकार यूनियन की लालकुआं इकाई का पुनर्गठन
शैलेन्द्र कुमार सिंह बने अध्यक्ष, सचिन गुप्ता को महामंत्री की जिम्मेदारी
लालकुआं (नैनीताल)। श्रमजीवी पत्रकार यूनियन उत्तराखंड की लालकुआं इकाई का सोमवार को पुनर्गठन किया गया। नगर पंचायत सभागार में जिला अध्यक्ष सर्वेन्द्र सिंह बिष्ट की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में पत्रकारों की एकजुटता, संगठन को मजबूत करने तथा पत्रकार हितों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन करते हुए विभिन्न पदों पर पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। नई कार्यकारिणी में नवीन तिवारी को संरक्षक, शैलेन्द्र कुमार सिंह को अध्यक्ष, सचिन गुप्ता को महामंत्री, मुकुल आर्या को सचिव, भुवन रूवाली को संगठन मंत्री, अनिल कनौजिया को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, अफसार हुसैन को मीडिया प्रभारी, गोपाल मौर्य को उपाध्यक्ष, दीपक बमेटा को कोषाध्यक्ष तथा सर्वेश गंगवार को कार्यालय मंत्री बनाया गया।
बैठक में संगठन के विस्तार और सदस्यता अभियान को गति देने पर जोर दिया गया। साथ ही पत्रकारों के बीच बेहतर समन्वय और संवाद बनाए रखने के लिए प्रत्येक माह नियमित बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया गया। प्रदेश एवं यूनियन के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ भी समय-समय पर बैठक और समन्वय स्थापित करने पर सहमति बनी।
नवनियुक्त पदाधिकारियों ने संगठन की मजबूती के साथ पत्रकारों के सम्मान, अधिकारों एवं हितों की रक्षा के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया। बैठक में पत्रकारों की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ संबंधित मंचों तक पहुंचाने और संगठन को और अधिक सक्रिय बनाने पर भी जोर दिया गया।
