गूगल में 61.36 लाख रुपये के पैकेज पर चयनित कार्तिकेय सम्मानित
डा. कमल घनशाला बोले—वैश्विक संस्थानों में चयन संयोग नहीं, समर्पण और दृढ़ संकल्प का परिणाम
भीमताल, 17 नवंबर। ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी, भीमताल परिसर में आयोजित प्लेसमेंट समारोह-2026 में गूगल जैसी विश्वप्रसिद्ध कंपनी में 61.36 लाख रुपये के वार्षिक पैकेज पर चयनित बीटेक कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग के छात्र कार्तिकेय वारियाल को सम्मानित किया गया।
समारोह में ग्राफिक एरा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन डा. कमल घनशाला ने कार्तिकेय को एक लाख रुपये की नकद धनराशि और ट्रॉफी प्रदान कर उनकी उपलब्धि की सराहना की।
इस अवसर पर डा. घनशाला ने कहा कि प्रतिष्ठित वैश्विक संस्थानों में चयन महज संयोग नहीं होता, बल्कि यह समर्पण, निरंतर मेहनत, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प का परिणाम होता है। उन्होंने कहा कि ऐसी उपलब्धियां युवाओं को वैश्विक स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाने का अवसर देती हैं।
उन्होंने कहा कि भीमताल परिसर की स्थापना के पीछे उद्देश्य कुमाऊं क्षेत्र के युवाओं को उनके अपने क्षेत्र में ही विश्वस्तरीय शिक्षा, आधुनिक तकनीक और बेहतर करियर के अवसर उपलब्ध कराना था। पहाड़ के युवाओं में प्रतिभा और क्षमता की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता उन्हें सही मंच और अवसर देने की है।
डा. घनशाला ने बताया कि बदलती तकनीक और कॉर्पोरेट क्षेत्र की भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विश्वविद्यालय में पाठ्यक्रम तैयार किए गए हैं। उन्होंने कहा कि गूगल, माइक्रोसॉफ्ट और अमेजन जैसी कंपनियों में विद्यार्थियों का बेहतर पैकेज पर चयन इसी दिशा में किए जा रहे प्रयासों का परिणाम है।
सफलता का श्रेय माता-पिता और शिक्षकों को
अपनी सफलता का अनुभव साझा करते हुए कार्तिकेय वारियाल ने कहा कि विश्वविद्यालय से मिले मार्गदर्शन, मेंटरशिप और अवसरों ने गूगल में चयन की उनकी यात्रा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने जूनियर छात्र-छात्राओं से स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने का आह्वान किया।
कार्तिकेय ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता के निरंतर सहयोग और प्रोत्साहन को भी दिया।
कार्तिकेय के पिता बसंत बल्लभ वारियाल ने विश्वविद्यालय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बेटे की सफलता में शिक्षकों के मार्गदर्शन और विश्वविद्यालय के सहयोगपूर्ण शैक्षणिक वातावरण की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
- समारोह में कार्तिकेय की उपलब्धि को विश्वविद्यालय के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
