रुद्रपुर जिला अस्पताल हत्याकांड: आरोपियों के मकानों पर चला बुलडोजर, अवैध निर्माण ध्वस्त
15 दिन में अवैध निर्माण हटाने का अल्टीमेटम, समयसीमा पूरी होने पर पूरे भवन गिराने की चेतावनी
रुद्रपुर। जिला अस्पताल में मोबाइल कारोबार को लेकर हुए विवाद के दौरान 30 वर्षीय राजकुमार उर्फ नितेश जौहरी की हत्या के मामले में प्रशासन ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। शनिवार को प्रशासन की टीम ने आरोपियों के मकानों पर बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण के कुछ हिस्सों को ध्वस्त किया।
प्रशासन की ओर से आरोपियों के मकानों पर नोटिस भी चस्पा किए गए हैं। नोटिस में अवैध निर्माण को स्वयं हटाने के लिए 15 दिन की समयसीमा दी गई है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि निर्धारित अवधि में अवैध निर्माण नहीं हटाया गया तो भवनों को ध्वस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन के अनुसार, आरोपियों के मकान नजूल भूमि पर अवैध रूप से बनाए गए हैं। इसी आधार पर कार्रवाई करते हुए पहले चरण में अवैध निर्माण के हिस्से हटाए गए हैं।
अस्पताल परिसर के बाहर हुआ था विवाद
बताया गया है कि शुक्रवार सुबह जिला अस्पताल की इमरजेंसी के बाहर मोबाइल कारोबार में प्रतिस्पर्धा को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान राजकुमार उर्फ नितेश जौहरी पर चाकू से हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल नितेश को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए थे, जिनमें अस्पताल परिसर में मारपीट की घटना दिखाई देने की बात सामने आई है।
12 घंटे के भीतर तीन आरोपी गिरफ्तार
मामले में पुलिस ने घटना के करीब 12 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी विकास कुमार समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस के अनुसार पुलभट्टा क्षेत्र में मुख्य आरोपी के साथ पुलिस की मुठभेड़ भी हुई। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में की गई कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी।
प्रशासन और पुलिस की इस कार्रवाई के बाद मामले ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया है। अब प्रशासन की नजर 15 दिन की निर्धारित समयसीमा पर है। समयसीमा के भीतर अवैध निर्माण नहीं हटाए जाने पर आगे बड़ी ध्वस्तीकरण कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
