लालकुआं में चोरों का आतंक! घर का ताला तोड़ लाखों के सोने-चांदी के जेवरात उड़ाए
लालकुआं। लालकुआं क्षेत्र में चोरों ने एक ही इलाके में चोरी की वारदात को अंजाम देकर लोगों में दहशत पैदा कर दी। सुभाष नगर के समीप दवाई फार्म निवासी गोदन सिंह बिष्ट के घर में अज्ञात चोरों ने देर रात करीब 12 बजे से 2 बजे के बीच धावा बोलकर लगभग 22 तोला सोना और 4 तोला चांदी के आभूषण चोरी कर लिए।
परिजनों के अनुसार घर के सभी सदस्य अलग-अलग कमरों में सो रहे थे। चोरों ने बाहर से कमरों के दरवाजों पर कुंडी लगाकर उन्हें बंद कर दिया। इसके बाद जिस कमरे में जेवर रखे थे, उसका ताला तोड़कर अंदर रखे बॉक्स और अलमारी के ताले तोड़ दिए और सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए।
घटना का पता उस समय चला जब करीब रात 1:40 बजे गोदन सिंह ऊपर पहुंचे और अपने बच्चों के कमरों के बाहर लगी कुंडियां खोलीं। इसी दौरान उन्हें घर में कुछ असामान्य होने का शक हुआ। जांच करने पर जेवर वाले कमरे का ताला टूटा मिला और सामान बिखरा हुआ था।
परिजनों के मुताबिक चोरी हुए आभूषणों में करीब 4 तोला के झुमके, 1 तोला का टॉप्स, 9 तोला की पोजी, 4 तोला का नथ, 5 तोला का माला, 1 तोला की अंगूठी, 3 फूलियां और करीब डेढ़ तोला की मांगटीका सहित अन्य चांदी के आभूषण शामिल हैं।
बताया गया है कि इसी क्षेत्र में सुभाष नगर निवासी धन सिंह रौतेला के पुत्र के घर में भी करीब एक सप्ताह पहले अज्ञात चोरों ने चोरी का प्रयास किया था, हालांकि सुरक्षा व्यवस्था के चलते चोर सफल नहीं हो सके।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्रवासियों में चिंता बढ़ गई है। लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस द्वारा सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ कर संदिग्धों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
