295 करोड़ 52 लाख का बजट पारित, फरवरी से दूध खरीद मूल्य में ₹3 प्रति लीटर की बढ़ोतरी

295 करोड़ 52 लाख का बजट पारित, फरवरी से दूध खरीद मूल्य में ₹3 प्रति लीटर की बढ़ोतरी

 

77वें वार्षिक अधिवेशन में पशुपालकों को बड़ी सौगात, उत्कृष्ट दुग्ध उत्पादकों व कर्मचारियों को 6.50 लाख रुपये से अधिक के पुरस्कार

 

हल्द्वानी। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड, लालकुआं के 77वें वार्षिक सामान्य निकाय अधिवेशन में दुग्ध उत्पादकों के हित में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। शनिवार को हल्द्वानी के पीलीकोठी स्थित संकल्प बैंक्वेट हॉल में आयोजित अधिवेशन में 295 करोड़ 52 लाख रुपये का बजट पारित किया गया। वहीं फरवरी माह से दुग्ध खरीद मूल्य में तीन रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की घोषणा की गई।

 

अधिवेशन की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले दुग्ध उत्पादकों, सचिवों, दुग्ध विक्रेताओं, अनुभागाध्यक्षों एवं कर्मचारियों को कुल 6 लाख 50 हजार 850 रुपये की पुरस्कार राशि चेक के माध्यम से प्रदान की गई।

 

कार्यक्रम में कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत, महापौर गजराज सिंह बिष्ट, प्रदेश उपाध्यक्ष राजेन्द्र सिंह बिष्ट, राज्यमंत्री रेनू अधिकारी, राज्यमंत्री मोहन पाठक, पूर्व विधायक नवीन दुमका, प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र कोश्यारी, दुग्ध विकास विभाग उत्तराखंड के निबंधक/निदेशक बीएस चलाल, उपनिदेशक संजय उपाध्याय, देहरादून दुग्ध संघ अध्यक्ष ठाकुर भूमि सिंह, यूसीडीएफ सामान्य प्रबंधक आरएम तिवारी, उप सामान्य प्रबंधक पी एंड आई पीएस नागपाल, प्रबंधक पीएस नगरकोटी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

 

अधिवेशन में नैनीताल दुग्ध संघ से जुड़ी 710 दुग्ध समितियों के प्रतिनिधियों और करीब 34 हजार दुग्ध उत्पादक परिवारों की भागीदारी रही।

 

उत्कृष्ट दुग्ध उत्पादकों को किया सम्मानित

 

अधिवेशन में उत्कृष्ट दुग्ध उत्पादकों के सम्मान के लिए विशेष पुरस्कार समारोह आयोजित किया गया। मैदानी क्षेत्र महिला वर्ग में प्रभपाल सिंह को प्रथम पुरस्कार के रूप में 31 हजार रुपये, हिमानी बिष्ट को 25 हजार, पुष्पा बिष्ट को 21 हजार और दीपा बिष्ट को 17 हजार रुपये प्रदान किए गए।

 

पर्वतीय क्षेत्र महिला वर्ग में कमला देवी को 25 हजार, गंगा देवी को 21 हजार और पुष्पा जोशी को 17 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया।

 

पुरुष वर्ग के मैदानी क्षेत्र में कृपाल सिंह को 25 हजार, जगपाल सिंह को 21 हजार तथा स्नेहपाल सिंह को 17 हजार रुपये प्रदान किए गए। पर्वतीय क्षेत्र में चिंतामणि को 25 हजार, श्याम नारायण को 21 हजार तथा कृपाल सिंह को 17 हजार रुपये देकर सम्मानित किया गया।

 

इसके अलावा आठ विकासखंडों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दुग्ध उत्पादकों को भी पुरस्कार दिए गए। बिंदुखत्ता क्षेत्र के नौ पुरुष और नौ महिला दुग्ध उत्पादकों सहित कुल 31 उत्पादकों को 3 लाख 74 हजार 850 रुपये के चेक वितरित किए गए। वहीं मैदानी एवं पर्वतीय क्षेत्रों के दस सचिवों तथा 15 दुग्ध विक्रेताओं को 2 लाख 76 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।

 

संस्था में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अनुभागाध्यक्षों एवं कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया।

 

फरवरी से दूध खरीद मूल्य में होगी बढ़ोतरी

 

अधिवेशन में अध्यक्ष मुकेश बोरा ने दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा के दिशा-निर्देशों का उल्लेख करते हुए घोषणा की कि आगामी फरवरी माह से दूध खरीद मूल्य में तीन रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की जाएगी।

 

उन्होंने कहा कि दुग्ध संघ का मुख्य उद्देश्य पशुपालकों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करना और दुग्ध व्यवसाय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है। संघ से जुड़े करीब 34 हजार दुग्ध उत्पादक परिवारों का हित संस्था की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

 

हल्द्वानी में खुलेगा आंचल मिल्क पार्लर

 

राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य ने दुग्ध संघ की कार्यप्रणाली और अध्यक्ष मुकेश बोरा के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सहकारी संस्थाओं की मजबूती ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

 

वहीं महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र में शीघ्र आंचल मिल्क पार्लर खोलने का आश्वासन दिया। इससे शहरवासियों को गुणवत्तापूर्ण दुग्ध एवं दुग्ध उत्पाद उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

 

कार्यक्रम का संचालन प्रशासन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी ने किया। इस दौरान प्रशासनिक कार्यों में उत्कृष्ट योगदान के लिए भाकुनी को भी सम्मानित किया गया।

 

इस अवसर पर संचालक मंडल सदस्य गोविंद सिंह मेहता, कृष्ण कुमार शर्मा, आनंद सिंह नेगी, पुष्पा देवी, खष्टी देवी, दीपा देवी, हेमा देवी, दीपा देवी रैक्वाल एवं थान सिंह बिष्ट सहित दुग्ध संघ के सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, वित्त प्रभारी उमेश पठालनी, पी एंड आई प्रभारी सुभाष बाबू, सुरेश चंद्र, खलील अहमद समेत अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।