छह घंटे में डबल मर्डर का खुलासा, 48 घंटे में ज्वैलर्स चोरी का पर्दाफाश… एक साल में अपराधियों पर SSP मंजूनाथ टीसी का ताबड़तोड़ प्रहार
10.93 करोड़ का नशा बरामद, 184 तस्कर गिरफ्तार; 912 खोए मोबाइल लौटाकर पुलिस ने जीता जनता का भरोसा, कैंची धाम की भीड़ में भी दिखी शानदार पुलिसिंग
नैनीताल। जनपद नैनीताल में अपराधियों पर शिकंजा कसने और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पुलिस ने बीते एक वर्ष में कई बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं। 28 अक्टूबर 2025 को नैनीताल SSP की कमान संभालने वाले डॉ. मंजूनाथ टीसी के नेतृत्व में पुलिस ने हत्या, लूट, चोरी, डकैती, धोखाधड़ी और संगठित अपराध से लेकर नशा तस्करी तक के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई की।
पुलिस की तेज कार्रवाई का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जनपद की कई चर्चित और सनसनीखेज वारदातों का खुलासा महज कुछ घंटों से लेकर 48 घंटे के भीतर करते हुए आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया गया।
छह घंटे में डबल मर्डर का खुलासा, 48 घंटे में ज्वैलर्स चोरी का पर्दाफाश
हल्द्वानी की बड़ी मंडी में हुए बहुचर्चित दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने महज छह घंटे में खुलासा करते हुए चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।
वहीं वल्दियाखान क्षेत्र में महिला पर्यटक के साथ दुष्कर्म के प्रयास, लूट और मारपीट के मामले में पुलिस ने 10 घंटे के भीतर आरोपी टैक्सी चालक को गिरफ्तार कर लिया।
कालाढूंगी में ट्रैक्टर से कार सवार को कुचलने का प्रयास करने वाले आरोपी को 12 घंटे के भीतर ट्रैक्टर समेत गिरफ्तार किया गया। हल्द्वानी के जज फार्म गोलीकांड एवं हत्या के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपी पार्षद को गिरफ्तार कर गैंगस्टर एक्ट के तहत जेल भेजा।
मुखानी में बुजुर्ग महिला से झपटमारी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर सोने के कुंडल बरामद किए गए। वहीं कार्यालय से चोरी के मामले में शातिर चोर को दबोचकर 3 लाख 17 हजार 500 रुपये की नकदी और महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए।
सबसे चर्चित मामलों में से एक राधिका ज्वैलर्स चोरी प्रकरण में पुलिस ने 48 घंटे के भीतर मकसूद समेत तीन शातिर आरोपियों को बनबसा से गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से करीब 22 लाख रुपये का सोना बरामद किया गया।
लालकुआं क्षेत्र में भी 35 लाख रुपये से अधिक कीमत के सोने के आभूषणों से जुड़ी तीन चोरियों का खुलासा करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
डकैती से लेकर सट्टेबाजी और साइबर ठगी तक अपराधियों पर शिकंजा
नैनीताल पुलिस की कार्रवाई सिर्फ चोरी और हत्या के मामलों तक सीमित नहीं रही। गोरापड़ाव डकैती कांड का खुलासा करते हुए नौ अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से सात तमंचे, 19 कारतूस, तीन वाहन और 2 लाख 39 हजार रुपये की लूटी गई नकदी बरामद की गई।
रामनगर में रिजॉर्ट में संचालित कथित सेक्स रैकेट का पर्दाफाश करते हुए 51 लोगों को गिरफ्तार किया गया। भवाली के चर्चित सेक्सटॉर्शन मामले का भी पुलिस ने खुलासा किया।
रामनगर में नवविवाहिता की दहेज हत्या के मामले में पति, सास, जेठ और ननद को गिरफ्तार किया गया। वहीं बुजुर्ग महिला हत्याकांड का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
गौला पार क्षेत्र में करोड़ों रुपये के आईपीएल सट्टा गैंग का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने महज एक घंटे में तीन सटोरियों को गिरफ्तार किया।
मुखानी क्षेत्र की दो चोरियों का खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय चोर को गिरफ्तार किया गया और नौ लाख रुपये से अधिक कीमत के सोने-चांदी के आभूषण व नकदी बरामद की गई।
अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम गौलापार में EVCL क्रिकेट लीग के नाम पर हुई 32 लाख रुपये की धोखाधड़ी का भी खुलासा किया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ संबंधित बैंक खातों को फ्रीज कराया।
वहीं अधिक ब्याज और गारंटी का झांसा देकर करीब 6.7 करोड़ रुपये की ठगी करने वाले दो मुख्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया।
रामनगर में घर और रिजॉर्ट में हुई दो चोरियों का खुलासा कर 30 लाख रुपये से अधिक के सोने के आभूषण और 12 लाख रुपये की नकदी बरामद की गई।
नशा तस्करों पर सबसे बड़ा वार—10.93 करोड़ का मादक पदार्थ जब्त
SSP डॉ. मंजूनाथ टीसी के नेतृत्व में नैनीताल पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ भी व्यापक अभियान चलाया।
28 अक्टूबर 2025 से 25 नवंबर 2026 तक NDPS एक्ट के तहत 150 अभियोग दर्ज किए गए और 184 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।
इस दौरान पुलिस ने करीब 10 करोड़ 93 लाख रुपये कीमत के मादक पदार्थ बरामद किए।
– चरस: 25 किलो 846 ग्राम — करीब 51.60 लाख रुपये
– स्मैक: 3 किलो 24 ग्राम 675 मिलीग्राम — करीब 9.72 करोड़ रुपये
– गांजा: 179 किलो 215 ग्राम — करीब 44.80 लाख रुपये
– डोडा: 34 किलो 799 ग्राम — करीब 1.74 लाख रुपये
– नशीले कैप्सूल/गोलियां: 1,422 — करीब 71,100 रुपये
– नशीले इंजेक्शन: 2,325 — करीब 1.16 लाख रुपये
इन आंकड़ों ने साफ कर दिया कि नैनीताल पुलिस ने नशे के नेटवर्क पर लगातार शिकंजा कसते हुए बड़ी मात्रा में मादक पदार्थों को बाजार तक पहुंचने से रोकने में बड़ी भूमिका निभाई है।
912 खोए मोबाइल बरामद, लोगों के चेहरे पर लौटाई मुस्कान
अपराध नियंत्रण के साथ जनसेवा के मोर्चे पर भी नैनीताल पुलिस ने उल्लेखनीय काम किया।
पुलिस ने 80 लाख रुपये से अधिक कीमत के 912 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को वापस लौटाए।
मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली। पुलिस की यह पहल तकनीकी दक्षता के साथ-साथ आमजन की शिकायतों के प्रति संवेदनशीलता को भी दर्शाती है।
कैंची धाम में उमड़ा जनसैलाब, पुलिस ने संभाला मोर्चा
नैनीताल जनपद में कानून-व्यवस्था के साथ बड़े धार्मिक और पर्यटन आयोजनों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना भी पुलिस के लिए बड़ी चुनौती रहा।
विशेष रूप से कैंची धाम में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के दौरान यातायात, सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को लेकर पुलिस ने व्यापक व्यवस्थाएं कीं।
SSP डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में पुलिस ने बेहतर समन्वय और प्रभावी ट्रैफिक मैनेजमेंट के जरिए आयोजन को सुचारु रूप से संपन्न कराया। श्रद्धालुओं और आमजन को राहत मिली और पुलिस की व्यवस्थाओं की सराहना हुई।
एक साल का रिपोर्ट कार्ड: तेज कार्रवाई, सख्त पुलिसिंग और जनता का भरोसा
SSP डॉ. मंजूनाथ टीसी के एक वर्ष के कार्यकाल में नैनीताल पुलिस की कार्रवाई का फोकस स्पष्ट दिखाई देता है—अपराध की सूचना पर त्वरित प्रतिक्रिया, अपराधियों की गिरफ्तारी, नशे के नेटवर्क पर प्रहार और आमजन को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना।
छह घंटे में डबल मर्डर का खुलासा हो या 48 घंटे में ज्वैलर्स चोरी का पर्दाफाश, करोड़ों रुपये के मादक पदार्थों की बरामदगी हो या 912 खोए मोबाइल फोन की वापसी—नैनीताल पुलिस ने एक वर्ष में कई ऐसे अभियान चलाए, जिनका सीधा असर अपराध नियंत्रण और जनविश्वास पर दिखाई दिया।
नैनीताल पुलिस का यह एक साल का रिपोर्ट कार्ड बताता है कि अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई में तेजी के साथ-साथ आमजन की सुरक्षा और सुविधा को भी प्राथमिकता दी गई है।
