28 नवंबर को होगा नैनीताल दुग्ध संघ का 77वां वार्षिक अधिवेशन

28 नवंबर को होगा नैनीताल दुग्ध संघ का 77वां वार्षिक अधिवेशन

 

हल्द्वानी। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड, लालकुआं के 77वें वार्षिक सामान्य निकाय अधिवेशन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। आगामी 28 नवंबर को हल्द्वानी के पीलीकोठी स्थित संकल्प बैंक्वेट हॉल में वार्षिक अधिवेशन आयोजित किया जाएगा।

 

अधिवेशन के आयोजन को लेकर बुधवार को दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा की अध्यक्षता में संचालक मंडल के सदस्यों एवं अधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में अधिवेशन स्थल, कार्यक्रम की रूपरेखा और व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। विचार-विमर्श के बाद सर्वसम्मति से वार्षिक अधिवेशन के आयोजन को मंजूरी दी गई।

 

अधिवेशन में दुग्ध संघ की वर्षभर की गतिविधियों, वार्षिक प्रगति रिपोर्ट, आय-व्यय का विवरण तथा दुग्ध उत्पादकों के हितों से जुड़ी योजनाओं पर चर्चा की जाएगी। इसके साथ ही दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने, दुग्ध उत्पादकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और सहकारी व्यवस्था को मजबूत करने जैसे विषय भी प्रमुखता से उठाए जाएंगे।

 

आयोजकों के अनुसार, अधिवेशन में दुग्ध उत्पादकों के योगदान और संघ की उपलब्धियों को साझा करने के साथ सहकारी आंदोलन को नई मजबूती देने पर भी जोर रहेगा। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, सहकारिता क्षेत्र से जुड़े लोगों तथा बड़ी संख्या में दुग्ध उत्पादकों के शामिल होने की उम्मीद है।

 

बैठक में संचालक मंडल सदस्य गोविंद सिंह मेहता, कृष्ण कुमार, आनंद सिंह नेगी, पुष्पा देवी, खष्टी देवी, दीपा देवी, हेमा देवी, दीपा देवी रैकवाल एवं थान सिंह बिष्ट सहित सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, वित्त प्रभारी उमेश पठालानी, प्रशासन एवं विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी तथा पी एंड आई प्रभारी सुभाष बाबू समेत अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

 

28 नवंबर को होने वाला यह अधिवेशन नैनीताल दुग्ध संघ की वर्षभर की उपलब्धियों की समीक्षा के साथ दुग्ध उत्पादकों के हितों और सहकारी व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।