बिंदुखत्ता को मिली विकास की नई सौगात, मुख्यमंत्री धामी ने की कई बड़ी घोषणाएं

बिंदुखत्ता को मिली विकास की नई सौगात, मुख्यमंत्री धामी ने की कई बड़ी घोषणाएं

 

लालकुआं। बिंदुखत्ता में आयोजित तीन दिवसीय लोकथात सांस्कृतिक महोत्सव के समापन समारोह में पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महान लोकगायक स्व. प्रहलाद सिंह मेहरा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए क्षेत्र के विकास और सांस्कृतिक विरासत को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

 

मुख्यमंत्री ने स्व. प्रहलाद दा के पैतृक गांव में उनकी स्मृति में स्कूल और स्टेडियम सहित प्रस्तावित कार्यों को कराने तथा बिंदुखत्ता में कम से कम एक हजार लोगों की क्षमता वाला भव्य सांस्कृतिक भवन बनाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्रहलाद दा केवल लोकगायक नहीं, बल्कि उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और लोककला के सच्चे साधक थे।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रहलाद दा के गीतों में पहाड़ का जनजीवन, महिलाओं का संघर्ष, युवाओं की पीड़ा और सामाजिक चेतना दिखाई देती थी। ‘गर्भ भितेरा बेटी ना मार’ और ‘ऐजा मेरा दानपुरा’ जैसे गीत आज भी समाज को दिशा देने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसी कलाकार की सबसे बड़ी उपलब्धि यही होती है कि उसके जाने के बाद भी उसकी कला लोगों के बीच जीवित रहे और प्रहलाद दा ने यह उपलब्धि हासिल की है।

 

उन्होंने कहा कि लोक यानी जनता और थात यानी हमारी विरासत। लोकथात महोत्सव उत्तराखंड की लोकभाषा, लोककला, लोकसंगीत और परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उत्तराखंड की पहचान उसकी संस्कृति और परंपराओं में बसती है तथा सरकार विरासत के संरक्षण के लिए लगातार कार्य कर रही है।

 

मुख्यमंत्री ने बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाने की लंबे समय से चली आ रही मांग पर कहा कि सरकार इस दिशा में ठोस प्रशासनिक कार्रवाई कर रही है और भारत सरकार से भी लगातार संपर्क किया जा रहा है।

 

लालकुआं क्षेत्र को भी मिली विकास कार्यों की सौगात

 

मुख्यमंत्री ने लालकुआं विधानसभा क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि नकायल में सात करोड़ रुपये से अधिक की लागत से पुल का निर्माण पूरा हो चुका है। वहीं शेरनाला में करीब दस करोड़ रुपये की लागत से पुल तैयार किया गया है। विजयपुर गौला पार में पुल निर्माण का कार्य भी शुरू हो गया है।

 

बिंदुखत्ता में करीब 30 करोड़ रुपये की लागत से विद्युतीकरण का कार्य किया जा रहा है, जबकि बिजली व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 14 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। हल्दूचौड़ महाविद्यालय को पीजी कॉलेज बनाया गया है। मुख्यमंत्री ने गौला और नंधौर नदी के कटाव से बचाव तथा जंगली जानवरों से सुरक्षा के लिए किए जा रहे कार्यों की भी जानकारी दी।

 

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने लोक कलाकार नैन सिंह रावल, हास्य कलाकार मंगल सिंह चौहान और जीवन सिंह दानू को सम्मानित किया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, भाजपा प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र कोश्यारी सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

 

कार्यक्रम में स्व. प्रहलाद सिंह मेहरा के परिवार से मनोहर सिंह मेहरा और कमल मेहरा सहित तमाम जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।