प्रेम विवाह के बाद दहेज प्रताड़ना का आरोप, मारपीट से घायल महिला ने वीडियो जारी कर मांगी मदद

प्रेम विवाह के बाद दहेज प्रताड़ना का आरोप, मारपीट से घायल महिला ने वीडियो जारी कर मांगी मदद

 

हल्द्वानी/नैनीताल। प्रेम विवाह के बाद दहेज की मांग को लेकर एक विवाहिता के साथ कथित मारपीट और घरेलू उत्पीड़न का मामला सामने आया है। आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा महिला के साथ बेरहमी से मारपीट की गई, जिससे वह लहूलुहान हो गई।

 

पीड़िता ने अपनी जान बचाने के लिए घर से बाहर निकलकर वीडियो के माध्यम से अपनी आपबीती बताई और मदद की गुहार लगाई। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में भी हलचल मच गई।

 

मामले का संज्ञान लेते हुए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है। मामले में पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।

 

पीड़िता के अनुसार, उसने वर्ष 2024 में हल्द्वानी के सतवाल पेट्रोल पंप निवासी युवक के साथ प्रेम विवाह किया था। शुरुआत में वैवाहिक जीवन सामान्य रहा, लेकिन कुछ समय बाद पति, सास, ससुर और ननद पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप है। महिला का कहना है कि ससुराल में उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की जाती थी।

 

पीड़िता ने वीडियो के माध्यम से अपनी पीड़ा सामने रखते हुए पुलिस और प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी।

 

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।