रामनगर में 28 नवंबर को लगेगा रोजगार महाकुंभ, 7 कंपनियां करेंगी प्रतिभाग, 650 युवाओं को नौकरी देने का लक्ष्य

रामनगर में 28 नवंबर को लगेगा रोजगार महाकुंभ, 7 कंपनियां करेंगी प्रतिभाग, 650 युवाओं को नौकरी देने का लक्ष्य

 

रामनगर। नैनीताल जिले के रामनगर क्षेत्र के युवाओं के लिए रोजगार का बेहतर अवसर सामने आया है। 28 नवंबर को रामनगर में रोजगार महाकुंभ का आयोजन किया जाएगा। इस रोजगार मेले में सात कंपनियां प्रतिभाग करेंगी और करीब 650 युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।

 

रोजगार महाकुंभ का आयोजन पीरूमदारा में कुंदन स्वीट्स के पीछे स्थित होटल कनारा में किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना और नौकरी की तलाश में उन्हें दिल्ली, नोएडा तथा अन्य बड़े शहरों की ओर पलायन करने से रोकना है।

 

हर तीन महीने में रोजगार आयोजन की तैयारी

 

आयोजक विजय शर्मा भदौला ने बताया कि उनका प्रयास है कि प्रत्येक तीन महीने में इसी तरह के रोजगार आयोजन किए जाएं, ताकि रामनगर और आसपास के युवाओं को लगातार रोजगार के अवसर मिलते रहें। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह आयोजन किसी राजनीतिक बैनर के तहत नहीं, बल्कि उनकी व्यक्तिगत पहल और मिशन के रूप में किया जा रहा है।

 

उन्होंने कहा कि रामनगर क्षेत्र में लंबे समय से युवाओं का पलायन एक बड़ी समस्या रहा है। स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाकर इस समस्या को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

 

बीपीओ और डेटा सेंटर क्षेत्र में भी रोजगार के अवसर

 

रोजगार महाकुंभ के अगले चरण में बीपीओ और डेटा सेंटर जैसे आधुनिक क्षेत्रों में युवाओं के लिए व्हाइट-कॉलर नौकरियों के अवसर उपलब्ध कराने की योजना है। इसके माध्यम से तकनीकी और शिक्षित युवाओं को रोजगार से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

 

आईटीआई और पॉलीटेक्निक युवाओं को प्राथमिकता

 

रोजगार मेले के पहले चरण में आईटीआई और पॉलीटेक्निक से प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं के लिए ब्लू-कॉलर श्रेणी की नौकरियों के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। कंपनियां युवाओं की योग्यता और प्रशिक्षण के आधार पर भर्ती प्रक्रिया संचालित करेंगी।

 

युवाओं की सुविधा के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की व्यवस्था भी की गई है। इच्छुक अभ्यर्थी वेबसाइट और पंजीकरण फॉर्म के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। साथ ही क्यूआर कोड के माध्यम से भी पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

 

आयोजकों के अनुसार, 28 नवंबर को होने वाला यह रोजगार महाकुंभ लंबे समय से नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए महत्वपूर्ण अवसर साबित हो सकता है। सात कंपनियों की भागीदारी और करीब 650 युवाओं को रोजगार देने के लक्ष्य के साथ आयोजित होने वाले इस मेले से क्षेत्र के युवाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार पाने की उम्मीद जगी है।