नैनीताल पुलिस की कमान अर्पण यदुवंशी के हाथों, हनुमान मंदिर में दर्शन के बाद संभाला SSP का कार्यभार

नैनीताल पुलिस की कमान अर्पण यदुवंशी के हाथों, हनुमान मंदिर में दर्शन के बाद संभाला SSP का कार्यभार

 

हल्द्वानी। वर्ष 2017 बैच के IPS अधिकारी अर्पण यदुवंशी ने नैनीताल जनपद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) का कार्यभार संभाल लिया है। जनपद में आगमन के बाद उन्होंने काठगोदाम स्थित श्री हनुमान मंदिर में दर्शन किए। इसके बाद उन्होंने नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के रूप में कार्यभार ग्रहण किया।

 

पुलिस कार्यालय हल्द्वानी पहुंचने पर सर्वप्रथम सलामी गार्द द्वारा उन्हें सलामी दी गई। इसके बाद नैनीताल पुलिस के राजपत्रित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।

 

अनुशासित और परिणाममुखी कार्यशैली के लिए पहचान

 

अर्पण यदुवंशी अनुशासित, कर्तव्यनिष्ठ और परिणाममुखी कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं। अपने सेवाकाल में उन्होंने पुलिसिंग के साथ-साथ आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं।

 

GRP में निभाई अहम जिम्मेदारी

 

पुलिस अधीक्षक, रेलवे (GRP) के पद पर रहते हुए उन्होंने रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में कानून-व्यवस्था तथा यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कार्य किया। रेलवे संबंधी अपराधों की रोकथाम में भी उनकी सक्रिय भूमिका रही।

 

उत्तरकाशी में कानून-व्यवस्था संभाली

 

पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी के रूप में करीब ढाई वर्षों तक उन्होंने जनपद में कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण का संचालन किया। गंगोत्री-यमुनोत्री यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में भी उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

 

इसी कार्यकाल में सिल्क्यारा सुरंग बचाव अभियान के दौरान उन्होंने घटना कमांडर के रूप में नेतृत्व किया। विभिन्न एजेंसियों के समन्वय से सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

 

SDRF का भी किया नेतृत्व

 

अर्पण यदुवंशी ने राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) का नेतृत्व भी किया। प्रयागराज महाकुंभ-2025 के दौरान करीब एक माह तक SDRF की तैनाती और संचालन का नेतृत्व किया।

 

अगस्त 2025 की धराली आपदा के दौरान 1,386 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया और करीब 17,000 लोगों को भोजन उपलब्ध कराया गया।

 

उनके नेतृत्व में SDRF उत्तराखंड को ISO 9001:2015 प्रमाणन प्राप्त हुआ। उनके कार्यकाल में करीब 1.80 लाख लोगों को आपदा प्रबंधन एवं सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।

 

राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी बनाई पहचान

 

अर्पण यदुवंशी ने BRICS आपदा जोखिम न्यूनीकरण कार्य समूह में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने सिल्क्यारा बचाव अभियान के अनुभवों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर साझा किया।

 

इसके अलावा NCGG, LBSNAA और सरदार पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी जैसे संस्थानों में आपदा प्रबंधन से जुड़े विषयों पर व्याख्यान भी दिए।

 

कई महत्वपूर्ण सम्मान से सम्मानित

 

तस्वीरों में दी गई जानकारी के अनुसार, उनके कार्यों के लिए उन्हें प्रधानमंत्री कार्यालय से प्रशंसा-पत्र, मुख्यमंत्री उत्कृष्ट सेवा पदक-2024, महाकुंभ सेवा पदक-2025, अमेरिकी दूतावास का प्रशंसा पदक तथा NDMA से प्रशस्ति सहित पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क समेत कई सम्मान प्राप्त हुए हैं।

 

नैनीताल में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की चुनौती

 

नव नियुक्त SSP अर्पण यदुवंशी के पास पुलिसिंग और आपदा प्रबंधन का लंबा अनुभव है। उनके अनुभव और नेतृत्व से नैनीताल जनपद में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने, अपराध नियंत्रण को प्रभावी बनाने तथा आमजन की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की उम्मीद है।

 

नैनीताल पुलिस की नई कमान संभालने के बाद अब जनपद में उनकी कार्यशैली और प्राथमिकताओं पर सभी की नजर रहेगी।