उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का निधन, 91 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस
देहरादून। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माताजी सावित्री देवी का 91 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्होंने उत्तराखंड के पौड़ी जिले में स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में अंतिम सांस ली। उनके निधन की पुष्टि पौड़ी के एसएसपी सर्वेश कुमार ने की है।
सावित्री देवी के निधन की खबर सामने आते ही उत्तराखंड में शोक की लहर दौड़ गई। उनके निधन पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के माध्यम से शोक व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री धामी ने अपनी पोस्ट में कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माताजी सावित्री देवी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद एवं हृदयविदारक है। उन्होंने कहा कि मां का स्नेह, आशीर्वाद और ममता जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होती है तथा उनका जाना परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है।
मुख्यमंत्री धामी ने दिवंगत पुण्यात्मा को श्रीचरणों में स्थान देने और योगी आदित्यनाथ सहित समस्त शोकाकुल परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
सावित्री देवी के निधन की खबर के बाद उत्तराखंड सहित देशभर से शोक संवेदनाएं व्यक्त की जा रही हैं।
